मनोरंजन डेस्क: ‘दृश्यम’ के फैंस के लिए बड़ी खबर आ रही है। जॉर्ज कुट्टी और विजय साळगांवकर की जादुई कहानी एक बार फिर पर्दे पर लौटने को तैयार है, लेकिन इस बार साउथ के सुपरस्टार मोहनलाल ने बाजी मार ली है। ‘दृश्यम 3’ की रिलीज डेट का आधिकारिक एलान हो गया है और यह अजय देवगन के फैंस के लिए किसी झटके से कम नहीं है।
6 महीने पहले ही खुलेगा सस्पेंस का पिटारा
काफी समय से चर्चा थी कि ‘दृश्यम 3’ का मलयालम और हिंदी वर्जन एक साथ रिलीज होगा ताकि फिल्म का सस्पेंस लीक न हो। लेकिन अब डायरेक्टर जीतू जोसेफ ने साफ कर दिया है कि मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ अप्रैल के पहले हफ्ते में ही थिएटर्स में दस्तक दे देगी। वहीं, अजय देवगन की फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने की उम्मीद है। यानी मोहनलाल, अजय देवगन से पूरे 6 महीने पहले ही फिल्म लेकर आ रहे हैं।
डायरेक्टर जीतू जोसेफ ने क्या कहा?
एक कार्यक्रम के दौरान जीतू जोसेफ ने फिल्म पर मुहर लगाते हुए कहा— “दृश्यम एक ऐसी फ्रेंचाइजी है जिससे लोगों की भावनाएं और उम्मीदें जुड़ी हैं। अप्रैल के पहले हफ्ते में जॉर्ज कुट्टी की वापसी होगी। मैं बस इतना कहूंगा कि बिना किसी बहुत बड़ी उम्मीद के फिल्म देखने आएं, हम जल्द ही आधिकारिक तारीख की घोषणा करेंगे।”
हिंदी बेल्ट के लिए बढ़ी चुनौती
अजय देवगन ने ‘दृश्यम’ के पिछले दोनों पार्ट्स से हिंदी बॉक्स ऑफिस पर जमकर नोट छापे थे। लेकिन तीसरे पार्ट के 6 महीने पहले रिलीज होने से मेकर्स की चिंता बढ़ गई है। अगर कहानी सोशल मीडिया के जरिए हिंदी दर्शकों तक पहले ही पहुंच गई, तो अजय देवगन की फिल्म के लिए सस्पेंस बरकरार रखना मुश्किल हो जाएगा।
जॉर्ज कुट्टी बनाम पुलिस: आखिरी जंग?
’दृश्यम 3′ की कहानी वहीं से शुरू होगी जहां दूसरे भाग का अंत हुआ था। पिछले 11 सालों से पुलिस की नाक में दम करने वाला जॉर्ज कुट्टी इस बार कानून के फंदे से कैसे बचेगा, यही फिल्म का सबसे बड़ा आकर्षण है। साल 2013 में शुरू हुआ यह सफर अब अपने सबसे रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है।

