नई दिल्ली। जोरदार विरोध होने के बाद बीसीसीआई के निर्देश पर शाहरुख खान की आईपीएल टीम केकेआर ने शनिवार को बांग्लादेश के क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया था। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने रात करीब 9.30 बजे मीटिंग की। जिसमें बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने फैसला किया कि टी20 वर्ल्ड कप में उसके जो चार मैच कोलकाता और मुंबई में होने हैं, उनको शिफ्ट कराने के लिए आईसीसी को चिट्ठी लिखेगा। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के इस फैसले के बाद बीसीसीआई ने प्रतिक्रिया दी है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई के सूत्र के हवाले से बताया है कि बांग्लादेश टीम के टी20 वर्ल्ड कप में मैच वेन्यू बदलना फिलहाल असंभव है। बीसीसीआई के सूत्र ने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने में सिर्फ एक महीना बचा है। न्यूज एजेंसी से बीसीसीआई के सूत्र ने कहा कि किसी की मर्जी और पसंद के हिसाब से मैच की जगह नहीं बदली जा सकती। उसने कहा कि लॉजिस्टिक्स के हिसाब से ये बहुत मुश्किल है। सूत्र ने कहा कि विरोधी टीमों के खिलाड़ियों के एयर टिकट और होटल बुक किए जा चुके हैं। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप में हर दिन तीन-तीन मैच हैं। यानी श्रीलंका में भी एक मैच होना है। इसलिए मैच वेन्यू बदलने की मांग करना आसान है, लेकिन करना मुश्किल है।

टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को कोलकाता में 7 फरवरी को वेस्ट इंडीज, 9 फरवरी को इटली, 14 फरवरी को इंग्लैंड से मुकाबला करना है। जबकि, 17 फरवरी को मुंबई में भारत और नेपाल की टीमों के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेला जाना है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल टीम केकेआर से बाहर करने पर चिंता जताई थी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि भारत में बांग्लादेश के खिलाड़ी सुरक्षित नहीं हैं। इसके बाद ही बांग्लादेश ने आईसीसीसी से टी20 मैचों के वेन्यू बदलने की मांग का फैसला किया। अब देखना है कि आईसीसी की ओर से बांग्लादेश की मांग पर क्या फैसला किया जाता है।

