आगरा: ताजनगरी के सबसे व्यस्त सराफा बाजार (किनारी बाजार) में शातिर चोरों ने फिल्मी अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ‘अरिहंत ऑर्नामेंट्स’ नामक दुकान से दो युवक ग्राहक बनकर आए और करीब 15 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन पार कर दी। पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि वारदात के 5 दिन बाद एफआईआर दर्ज की गई है।
बातों में उलझाया और जेब में रख ली 15 लाख की चेन
वारदात 31 जनवरी की है। पीड़ित दुकानदार सक्षम जैन अपनी पत्नी को अस्पताल दिखाने गए थे, दुकान पर उनके पिता मनीष जैन और एक कर्मचारी मौजूद था। तभी बाइक सवार दो युवक आए।
- पहला युवक: दुकान के अंदर गया और सोने की चेन दिखाने को कहा। उसने मनीष जैन को बातचीत में उलझाए रखा।
- दूसरा युवक: गेट पर खड़ा होकर कर्मचारी से रास्ता पूछने के बहाने उसे बाहर ले गया।
- मौका मिलते ही: अंदर मौजूद युवक ने 80 ग्राम से अधिक वजन की चेन उंगलियों में दबाकर जेब में रख ली।
CCTV में कैद हुई चोरी, रात को हुआ खुलासा
रात को जब दुकान मंगल (बंद) करते समय गहनों का वजन किया गया, तब चोरी का पता चला। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी साफ तौर पर चेन चोरी करते हुए दिखाई दिया। चोरी गई चेन की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की सुस्ती: 5 दिन तक थाने के चक्कर काटता रहा पीड़ित
हैरानी की बात यह है कि पीड़ित ने उसी दिन कोतवाली पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस केवल जांच का आश्वासन देती रही।
- 31 जनवरी: पुलिस को सूचना दी गई, पर रिपोर्ट नहीं लिखी।
- 3 फरवरी: पीड़ित डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास के पास पहुँचा।
- 5 फरवरी: उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद आखिरकार अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।

