लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तैयारियों को पुख्ता करने के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में राज्य उप निर्वाचन आयुक्त ने पंचायत चुनाव की प्रक्रिया को पारदर्शी और सटीक बनाने के लिए जिला प्रशासन को अहम निर्देश जारी किए हैं।
पोर्टल पर डेटा मिलान के निर्देश
राज्य उप निर्वाचन आयुक्त ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि ग्राम पंचायत और सदस्य क्षेत्र पंचायत के विवरण को निर्वाचन पोर्टल पर तत्काल मिलान कर लिया जाए। निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि डेटा में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए सभी रिकॉर्ड्स को क्रॉस-चेक कर पोर्टल पर शुद्ध किया जाए।
सूचनाओं की विसंगतियां होंगी ठीक
आयोग के संज्ञान में आया है कि फीड की गई कुछ सूचनाओं में विसंगतियां (गलतियां) हैं। इन विसंगतियों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग का उद्देश्य है कि चुनाव से पहले मतदाता सूची और पंचायतों का विवरण पूरी तरह त्रुटिहीन हो, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा का सामना न करना पड़े।
जिला निर्वाचन अधिकारियों को अल्टीमेटम
सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि पंचायत चुनाव की तैयारियों ने अब रफ्तार पकड़ ली है। जल्द ही परिसीमन और आरक्षण की प्रक्रियाओं पर भी स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

