आगरा। ताजनगरी में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मनाया गया। मण्डलायुक्त कार्यालय पर मण्डलायुक्त श्री शैलेंद्र कुमार सिंह और कलेक्ट्रेट प्रांगण में जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई गई।
अमर शहीदों के परिजनों का सम्मान




जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनपद के अमर शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही, हाल ही में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित आगरा के वीर बालक अजय राज को भी प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। समारोह में सगीर फातिमा इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी।
डीएम ने गिनाई आगरा की विकास गाथा: 36 साल बाद मिलेगी अटलपुरम योजना

अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने जनपद की विकास यात्रा का खाका खींचा। उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि:
- अटलपुरम आवासीय योजना: 36 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद आगरा को यह योजना मिलने जा रही है।
- इंफ्रास्ट्रक्चर: मेट्रो का विस्तार, नमामि गंगे के तहत 100 MLD का STP और आगरा-अलीगढ़ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर तेजी से काम हो रहा है।
- तीर्थ विकास: बटेश्वर तीर्थ और शिव मंदिर कॉरिडोर को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है।
- ट्रैफिक: शहर की सुगम ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्रयास जारी हैं।
मंडलायुक्त ने दी शुभकामनाएं

कमिश्नरी में मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने ध्वज फहराकर समस्त जनपदवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान ही देश की प्रगति का आधार है। विकास भवन समेत जनपद के सभी सरकारी कार्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में भी तिरंगा फहराकर गणतंत्र का पर्व मनाया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडीएम प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी, एडीएम प्रशासन अजय कुमार, एडीएम वित्त शुभांगी शुक्ला सहित नगर मजिस्ट्रेट और कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

