‘कल हो ना’ और ‘सलाम-ए-इश्क’ जैसी फिल्मों के लिए मशहूर निखिल आडवाणी इन दिनों अपनी सीरीज ‘फ्रीडम एट मिडनाइट सीजन 2’ को लेकर चर्चा में हैं। इस नए सीजन में कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन, उस दौरान हुई बर्बर हिंसा और महात्मा गांधी की हत्या को भी दिखाएगी। दिलचस्प है कि ‘फ्रीडम एट मिडनाइट 2’ ऐसे वक्त में आ रही है, जब सिनेमाघरों में देशभक्ति जॉनर की ‘धुरंधर’ और ‘इक्कीस’ दर्शकों के लिए मौजूद है, वहीं आगे अप्रैल में सलमान खान भी ‘बैटल ऑफ गलवान’ लेकर आ रहे हैं। हाल ही एक इंटरव्यू में जब निखिल आडवाणी से इस बाबत सवाल किया गया तो उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि उनकी सीरीज पहले ही 9 जनवरी को रिलीज के लिए प्लान्ड थी। यह संयोग ही है कि यह ‘धुरंधर’ और ‘इक्कीस’ के समय पर रिलीज हो रही है। हालांकि, इसी दौरान उन्होंने एक दिलचस्प बात भी कही। निखिल ने कहा कि वह रणवीर सिंह की फिल्म को ‘टीवी पर’ देखना चाहेंगे, जबकि धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म सिनेमाघर जाकर देखेंगे।
‘चम्बल टाइम्स’ से बातचीत में 54 साल के निखिल ने कहा, ‘मुझे नहीं पता था कि ‘धुरंधर’ और ‘इक्कीस’ भी उसी समय रिलीज होने वाली हैं, जब ‘फ्रीडम एट मिडनाइट 2’ आ रही है। यह कुछ ऐसा नहीं था जिसकी हमने चार साल पहले शुरुआत करते समय प्लानिंग की थी… मैंने ‘धुरंधर’ नहीं देखी है। मैं ‘इक्कीस’ देखना चाहता हूं।’
धुरंधर VS इक्कीस: एक हिंसा और युद्ध के साथ, दूसरी इसके खिलाफ
इंटरव्यू के दौरान, एक गौर करने वाली बात यह रही कि निखिल आडवाणी ‘धुरंधर’ के बारे में बहुत बात करने से बचते दिखे। हालांकि, उन्होंने आदित्य धर की फिल्ममेकिंग की तारीफ की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि वह सिनेमाघर जाकर ‘धुरंधर’ नहीं देखेंगे। निखिल आडवाणी का यह अंदाज ऐसे समय में दिखा है, जब सोशल मीडिया पर भी ‘धुरंधर’ और ‘इक्कीस’ की थीम को लेकर बहस छिड़ी हुई है। रणवीर सिंह की फिल्म में हिंसा और युद्ध की बात है, जबकि धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म वॉर ड्रामा होकर भी युद्ध के खिलाफ संदेश देती है।
निखिल आडवाणी बोले- ‘धुरंधर’ टीवी पर आ रही है, तो देखूंगा
बहरहाल, निखिल आडवाणी से जब सीधा सवाल किया गया कि क्या वह ‘धुरंधर’ भी देखना चाहेंगे या सिर्फ ‘इक्कीस’ देखकर ही खुश रहेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘मैं फुटबॉल देखना चाहता हूं, मैन सिटी आखिरकार अच्छा कर रही है। पिछले साल, मैं थोड़ा उदास था, लेकिन आखिरकार मुझे लगता है कि वे कहीं पहुंचेंगे… हम बहुत खुशकिस्मत हैं कि हम एंटरटेनमेंट में इतना काम कर रहे हैं… मुझे लगता है कि ‘धुरंधर’ टीवी पर आ रही है, जब टीवी पर आएगी तो मैं उसे देखूंगा।’
आदित्य धर की फिल्ममेकिंग की तारीफ
हालांकि, ‘बाटला हाउस’ के डायरेक्टर निखिल आडवाणी ने यह जरूर कहा कि उन्होंने ‘धुरंधर’ के बारे में बहुत अच्छी बातें सुनी हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह (धुरंधर) बहुत अच्छा कर रही है और बहुत से लोगों ने फिल्म को एंजॉय किया है। मुझे लगता है कि आदित्य धर एक सशक्त फिल्ममेकर और एक मजबूत आवाज हैं।’
‘फ्रीडम एट मिडनाइट 2’ OTT रिलीज
‘फ्रीडम एट मिडनाइट’ लैरी कॉलिन्स और डोमिनिक लैपियर की इसी नाम की किताब पर आधारित है। निखिल आडवाणी इस सीरीज के क्रिएटर, डायरेक्टर और को-प्रोड्यूसर तीनों हैं। OTT प्लेटफॉर्म Sony LIV पर 9 जनवरी को ‘फ्रीडम एट मिडनाइट 2’ रिलीज हो रही है। वह इस बार विभाजन, उस दौर की हिंसा और गांधी जी की हत्या को पर्दे पर उकेर रहे हैं। निखिल ने कहा, ‘मेरे लिए यह जरूरी है कि मैं दर्शकों को उस दुनिया में ले जाऊं… अगर मैं ऐसा नहीं कर पाता और आपको वहां नहीं ले जा पाता, तो यह बहुत बड़ी नाकामी होगी।’
View this post on Instagram
‘युद्ध के अंत में शांति नहीं, सिर्फ मौत है’
निखिल आडवाणी ने आगे कहा, ‘इतिहास में पीछे मुड़कर देखना एक बहुत पावरफुल टूल है। अस्सी साल बाद, आप पलटकर कह सकते हैं, ‘उन्होंने गलती की थी’। उन्हें नहीं पता था कि जिन्ना मरने वाले हैं। आजादी के लिए उनके पास 13 महीने थे और सिर्फ 10 दिनों में, माउंटबेटन ने इसे पांच हफ्ते कर दिया। भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जमीन पर और बंद दरवाजों के पीछे कई लड़ाइयां और युद्ध लड़े गए। हालांकि युद्ध एक जरूरी बुराई हो सकता है, लेकिन यह आखिरी रास्ता होना चाहिए। यह एक गलतफहमी है कि युद्ध अंत में शांति ला सकता है, यह सिर्फ मौत लाता है।’
‘फ्रीडम एट मिडनाइट 2’ की कास्ट
‘फ्रीडम एट मिडनाइट सीजन 2’ में सिद्धांत गुप्ता, चिराग वोहरा, राजेंद्र चावला, आरिफ जकारिया, इरा दुबे, मलिष्का मेंडोंसा, राजेश कुमार, केसी शंकर, ल्यूक मैकगिबनी, कॉर्डेलिया बुगेजा और अली प्रमुख किरदारों में हैं।

